
बांसडीह में सेवानिवृत्त चार शिक्षकों का हुआ सम्मान
बांसडीह( बलिया)। शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के सेवानिवृत्त शिक्षकों का बुधवार को प्राथमिक विद्यालय बांसडीह परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने दीप प्रज्वलित व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में सेवानिवृत्त चार शिक्षकों के के सिंह, रामप्रवेश सिंह, जर्नादन दूबे, अखिल चर्तुवेदी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह , गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विश्राम सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। एक शिक्षक न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें संस्कार और जीवन जीने की दिशा भी प्रदान करता है। सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक बना रहता है। हमें ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि शिक्षक का जीवन त्याग, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक होता है। सेवानिवृत्त शिक्षक हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सैकड़ों छात्रों का भविष्य संवारने का कार्य किया है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें और उनसे मिली शिक्षा को अपने जीवन में उतारें। प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई चुनौतियां हैं, लेकिन अनुभवी शिक्षक साथियों का मार्गदर्शन इन चुनौतियों का समाधान निकालने में सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों से सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके अनुभव से प्रेरणा लेने को कहा।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अनूप त्रिपाठी, राजेश पाण्डेय, घनश्याम चौबे, उपेन्द्र सिंह, जय प्रकाश, एहसानुल हक, वन्दना गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, आदित्य यादव, संतोष पाण्डेय, देवेश सिंह आदि थे।



