बिहार तस्करी के लिये शराब लेकर जा रहे युवकों को शराब के साथ ग्रामीणों ने पकड़ा,पुलिस को किया सुपुर्द

लालगंज (बलिया) । स्थानीय बाजार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से बीती रात बिहार तस्करी के लिए आधा दर्जन मोटरसाइकिल सवार युवकों को पिट्ठू बैग में शराब भरकर ले जाते समय कुछ तस्करों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को सभी युवकों को सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई।
बताया जाता है कि गंगा घाटों के रास्ते पिकअप और मोटरसाइकिल से बिहार में शराब तस्करी का खेल लंबे समय से जारी है। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में यह धंधा और तेज हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार,तस्करी में उत्तर प्रदेश और बिहार के कई युवक सक्रिय हैं।
सूत्रों के मुताबिक, युवक पहले दुकान पर बैग और पैसे जमा कर चले जाते हैं। जैसे ही बैग तैयार होने की सूचना मिलती है, वे मोटरसाइकिल से पहुंचकर बैग लेकर निकल जाते हैं। यह प्रक्रिया लगातार चलती रहती है।
क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि प्रति पेटी पर सेल्समैन द्वारा अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
बिहार तस्करी को जा रही अवैध शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार
लालगंज। स्थानीय पुलिस ने शराब लेकर बिहार तस्करी करने जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी ने बताया कि शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग शराब लेकर बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी आशुतोष मद्धेशिया मय फोर्स के साथ घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन घेरकर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम मनीष कुमार पासवान निवासी गड़ेरिया सेमरिया तथा राजकुमार चौधरी निवासी जगदीशपुर सेमरिया बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से चार पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसके बाद दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।



